Tuesday, 16 June 2020

LAC पर मारे गए जवानों को बॉलीवुड सितारों ने दी श्रद्धांजलि


पिछले काफ़ी दिनों से भारत और चीन की सीमा पर चल रही तनातनी ने उग्र रूप ले लिया. सोमवार रात को गलवान घाटी में भारत और चीन के सैनिकों के बीच हुए झगड़े में भारत के 20 सैनिक मारे गए झगड़े में भारत की सेना के एक कमांडिंग ऑफ़िसर भी मारे गए हैं.
देश के वीर जवानों की जान जाने पर देश में सभी की आंखें नम हैं. जवानों की मौत पर आम लोगों के साथ-साथ फ़िल्मी सितारे भी सैनिकों की इस कुर्बानी को नमन कर रहे हैं.
अमिताभ बच्चन, अजय देवगन, अक्षय कुमार, ऋतिक रोशन, सोनू सूद, विक्की कौशल, रकुल प्रीत सिंह और यामी गौतम ने सोशल मीडिया पर मारे गए जवानों को श्रद्धांजलि दी है.
अजय देवगन ने जवानों को याद करते हुए लिखा, "हर उस जवान को सलाम जिन्होंने भारत की सीमाओं और सम्मान की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दे दी. जय जवान, जय भारत. वीर जवान."
अक्षय कुमार ने जवानो को नमन करते हुए लिखा, "गलवान वैली में शहीद हुए जवानों की शहादत की ख़बर सुनकर दुख हुआ. देश के लिए उनकी अतुल्य सेवा के हम कर्ज़दार रहेंगे. उनके परिवारों को दिल से मेरी सांत्वना."
रकुल प्रीत सिंह ने अपने ट्वीट में लिखा, "साल 2020 हमारे लिए सिर्फ नुकसान का पर्याय बन गया है. हमारे देश के बहादुर जवाब गलवान वैली में शहीद हो गए. मेरी संवेदना इन शहीदों के परिवारों के साथ है. देश आपकी शहादत को सलाम करता है."
सोनू सूद ने अपने ट्वीट में लिखा, "संतोश बाबू आप हमेशा हमारे दिलों में रहेंगे. आपकी कुर्बानी कभी नहीं भूली जाएगी. आपने और आपके परिवार ने जो देश के लिए किया है उसके लिए हम आपको सलाम करते हैं."