
फिल्म अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने जिस तरह से मुंबई स्थित अपने फ्लैट पर फांसी लगाकर जान दे दी, उसके बाद पूरा देश उनके इस कदम से स्तब्ध है और किसी को भी सुशांत की मौत पर यकीन कर पाना मुश्किल हो रहा है। खुद सुशांत के पिता को इस बात का यकीन नहीं हो रहा है कि उनक बेटे ने इतना बड़ा कदम उठा लिया। सुशांत के पिता केके सिंह ने मंगलवार को पुलिस को बताया कि मेरा बेटा अक्सर दुखी महसूस करता था, लेकिन मैं इस बात से अनभिज्ञ था कि वह अवसाद में है। सुशांत सिंह राजपूत की मृत्यु के बाद पुलिस उनके पिता का मंगलवार को बयान लिया। पुलिस ने सुशांत के पिता के अलावा उनकी दो बहनों का मंगलवार को बयान लिया।
मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि परिवार ने हमे इस बात की जानकारी दी है कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि आखिर सुशांत क्यों अवसाद में था, यही नहीं परिवार ने इस बात से भी इनकार किया है कि उन्हें इस घटना के पीछे किसी के उपर शक है। बता दें कि सुशांत की मौत के बाद पुलिस ने अपने बयान में कहा था कि हमे इसमे किसी भी तरह की साजिश के संकेत नहीं मिले हैं। पुलिस ने सुशांत के क्रिएटिव मैनेजर सिद्धार्थ पितानी से भी इस मामले में पूछताछ की थी और यह समझने की कोशिश की। सिद्धार्थ सुशांत की आर्थिक, बिजनेस डीलिंग और फिल्म इंडस्ट्री में प्रोफाइल को मैनेज करने का काम करते थे, ऐसे में पुलिस ने उनके जरिए सुशांत की मानसिक स्थिति को समझने की कोशिश की। पुलिस ने अपने बयान में कहा कि हमने क्रिएटिव मैनेजर का प्राथमिक बयान रविवार को दर्ज कर लिया है और उन्हें एक बार फिर से पूछताछ के लिए बुलाया है।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख ने ट्वीट करके कहा था कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट कहती है कि सुशांत ने फांसी लगाकर जान दी है, लेकिन इस तरह की मीडिया रिपोर्ट हैं कि वो प्रोफेशनल दुश्मनी की वजह से अवसाद से गुजर रहे थे। गृहमंत्री के इस ट्वीट के बाद पुलिस का कहना है कि वह सुशांत के दोस्त महेश शेट्टी से एक बार फिर से बात कर सकती है ताकि वह इस बात की जानकारी हासिल कर सके कि क्या सुशांत इंडस्ट्री में प्रोफेशनल दुश्मनी की वजह से अवसाद का शिकार थे।